फर्नीचर कारखाने में आग लगाने का आरोप, बाल-बाल बचा मालिक का परिवार
कूचबिहार, 27 नवंबर (हि. स.)। जिले के तूफानगंज-1 ब्लॉक में एक फर्नीचर निर्माण कारखाने में देर रात आग लगाने का आरोप शुक्रवार को सामने आया है। घटना अंडारनफुलबाड़ी-2 ग्राम पंचायत के कुचियामारी महाश्मशान के पास की है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, बांस की बाड़ से बने एक कमरे में रंग के कई ड्रम रखे हुए थे। आरोप है कि देर रात कुछ बदमाशों ने उस कमरे की बांस की बाड़ में आग लगा दी। आग में बाड़ पूरी तरह जलकर राख हो गई, हालांकि गनीमत रही कि रंग के ड्रम आग की चपेट में नहीं आए।
बताया गया है कि इसी कमरे के ठीक बगल में दूसरे कमरे में कारखाने के मालिक अपने परिवार के साथ सो रहे थे। आग की घटना में मालिक और उनका परिवार बाल-बाल बच गया।
कारखाने के मालिक प्रणब कुमार राय ने शुक्रवार को बताया कि उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर इस छोटे कारखाने की शुरुआत की थी, जहां कई मजदूर काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देर रात सुनियोजित तरीके से रंग रखने वाले कमरे में आग लगाई गई। यदि रंग के ड्रम आग की चपेट में आ जाते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मालिक ने इस संबंध में तूफानगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही उन्होंने घटना में शामिल आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

