लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में लगी आग
सिलीगुड़ी, 16 अप्रैल (हि.स.)। सिलीगुड़ी के अस्पताल मोड़ के पास स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी ) के कार्यालय में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार रात सबसे पहले इमारत की छत पर बने एक कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पाकर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
कर्मचारियों ने बताया कि जिस कमरे में आग लगी, वह एक स्टोर रूम के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। वहां एसी मशीन, बिजली के तार और अन्य उपकरण रखे हुए थे।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

