home page

गोघाट के प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील के दौरान आग, बड़ा हादसा टला

 | 
गोघाट के प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील के दौरान आग, बड़ा हादसा टला


हुगली, 20 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गोघाट-दो पंचायत समिति के हाजिपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत अर्जुन गड़िया प्राथमिक विद्यालय में स्कूल चलने के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। राहत की बात यह है कि इस आगजनी में किसी के हताहत होने या गंभीर नुकसान की कोई खबर नहीं है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को मिड-डे मील पकाने के समय अचानक गैस सिलेंडर में लीकेज होने से आग लग गई। देखते ही देखते रसोईघर से धुआं और आग फैलने लगी, जिससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना से शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ-साथ छात्र-छात्राएं भी दहशत में आ गए। तुरंत सभी बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। स्कूल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर जल्दी काबू पा लिया गया।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बड़ा हादसा टल गया लेकिन इस घटना से इलाके में काफी चिंता और हलचल फैल गई है। घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय