home page

सॉल्टलेक के पास आनंदलोक अस्पताल में आग, मरीजों को सुरक्षित स्थानांतरित किया गया

 | 
सॉल्टलेक के पास आनंदलोक अस्पताल में आग, मरीजों को सुरक्षित स्थानांतरित किया गया


कोलकाता, 21 अप्रैल (हि.स.)। विधाननगर के सॉल्टलेक इलाके के पास स्थित आनंदलोक अस्पताल में मंगलवार सुबह आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग अस्पताल की दूसरी मंजिल पर लगी थी। सड़क से गुजर रहे लोगों ने भवन से उठता धुआं और लपटें देखकर दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। तब तक दूसरी मंजिल स्थित ऑपरेशन थिएटर का एक हिस्सा आग की चपेट में आ चुका था।

स्थानीय लोगों ने भी दमकलकर्मियों के साथ आग बुझाने में मदद की। साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने और दूसरे भवन में स्थानांतरित करने का कार्य शुरू किया गया।

अस्पताल कर्मियों के अनुसार, करीब 70 से 75 मरीजों को अस्पताल के दूसरे भवन में सुरक्षित पहुंचाया गया है। सभी मरीज सुरक्षित बताए गए हैं। कुछ कर्मचारियों ने बताया कि दूसरी और तीसरी मंजिल पर भर्ती सभी मरीजों को बाहर निकाल लिया गया।

प्राथमिक आशंका है कि वातानुकूलन यंत्र में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है, हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सुबह लगभग 11 बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद रहकर स्थिति सामान्य करने में जुटी रही।

अस्पताल ट्रस्टी बोर्ड की ओर से संजय हाजरा ने कहा, “आग वातानुकूलन यंत्र से लगी थी। अब स्थिति नियंत्रण में है। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सभी मरीज सुरक्षित हैं। आग बुझ चुकी है, केवल धुआं रह गया है।”

वहीं, विधाननगर यातायात विभाग के उपायुक्त मीत कुमार ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी। फिलहाल नुकसान के स्तर को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर