सिलीगुड़ी में भाजपा उम्मीदवार समेत कई नेताओं पर एफआईआर
सिलीगुड़ी, 08 अप्रैल (हि. स.)। सिलीगुड़ी में शंकर घोष सहित भाजपा के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, छह मार्च को तृणमूल उम्मीदवार गौतम देव के फ्लेक्स बैनर को नुकसान पहुंचाने की जांच के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है। शिकायत पानीटंकी प्रभारी के ओसी निर्मल कुमार दास ने सिलीगुड़ी थाने में दर्ज कराई है। एफआईआर में शंकर घोष के अलावा अमित अग्रवाल, तनुश्री मोदक, जॉयश्री मोदक, कौशिक सरकार, योगेश गर्ग समेत 20-25 अन्य लोगों का भी नाम शामिल है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान आरोपित पक्ष ने अवैध रूप से भीड़ इकट्ठा कर कार्रवाई में बाधा डाली और पुलिसकर्मियों को धमकाया। यहां तक कि ओसी के साथ धक्का देने और रास्ता रोकने का भी आरोप है। वहीं, शंकर घोष ने इन आरोपों को नकारते हुए कहा है कि तृणमूल समर्थित पुलिस उन्हें झूठे मामले में फंसाने की कोशिश कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

