भाजपा नेता कबीर शंकर बोस की शिकायत पर कल्याण बनर्जी और समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
हुगली, 03 सितंबर (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के श्रीरामपुर सांसद कल्याण बनर्जी और उनके करीबी तृणमूल नेताओं के खिलाफ गुरुवार को श्रीरामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। भाजपा नेता और अधिवक्ता कबीर शंकर बोस की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कबीर शंकर बोस के अनुसार, छह दिसंबर 2020 को वह श्रीरामपुर के बल्लभपुर इलाके में किराये के मकान में रहते थे। आरोप है कि उस दिन शाम को उनके घर पर हमला किया गया था। इस घटना को लेकर उन्होंने पुलिस में शिकायत की थी। इस घटना के लिए उन्होंने तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी और उनके समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है।
कबीर शंकर बोस श्रीरामपुर से भाजपा के उम्मीदवार भी रह चुके हैं। उनका आरोप है कि उस समय उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई थी। अब राज्य में सरकार बदलने के बाद उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद है।
श्रीरामपुर थाने की पुलिस ने मामले में एक से अधिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है।
गिरफ्तार व्यक्ति ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि पुलिस ने उसके खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया है। उसका कहना है कि जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और एफआईआर में नामजद लोगों की भूमिका समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

