अभिषेक बनर्जी के करीबी पूर्व पुलिस अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
कोलकाता, 19 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर पुलिस जिले में एक प्रभावशाली पूर्व पुलिस अधिकारी मितुन कुमार डे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मितुन कुमार डे को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से तीन बार के सांसद अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता है।
सूत्रों के अनुसार, यह प्राथमिकी डायमंड हार्बर नगरपालिका के तृणमूल कांग्रेस पार्षद डॉ. तमाल कुमार हलदार की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है। शिकायत में हलदार ने आरोप लगाया है कि जब वह अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचे थे, तब तत्कालीन उपमंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) मितुन कुमार डे ने उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया।
हलदार का आरोप है कि डे ने उन्हें कपड़े उतरवाकर बुरी तरह पीटा और बिजली का झटका देकर प्रताड़ित किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना की कवरेज करने पहुंचे एक मीडिया कर्मी को भी गंभीर रूप से प्रताड़ित किया गया था।
डायमंड हार्बर पुलिस जिले के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच अधिकारी मितुन कुमार डे से पूछताछ भी करेंगे।
मितुन कुमार डे पहले डायमंड हार्बर के एसडीपीओ थे। बाद में उन्हें पदोन्नत कर डायमंड हार्बर पुलिस जिले का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनाया गया। विधानसभा चुनाव से पहले भारत निर्वाचन आयोग ने उनका तबादला पश्चिम मेदिनीपुर जिले में खड़गपुर रेलवे पुलिस अधीक्षक के पद पर कर दिया था।
यह पहला अवसर नहीं है जब मितुन कुमार डे का नाम विवादों में आया है। पिछले महीने दक्षिण 24 परगना जिले के मोगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक और राज्य मंत्रिमंडल के पूर्व सदस्य गियासुद्दीन मोल्ला ने स्थानीय थाने में अभिषेक बनर्जी और मितुन कुमार डे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
मोल्ला ने आरोप लगाया था कि डायमंड हार्बर में तैनाती के दौरान डे ने उन तृणमूल नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई की, जो अभिषेक बनर्जी की कार्यशैली से सहमत नहीं थे। मोल्ला का दावा था कि एक तृणमूल कार्यकर्ता को डे ने बुरी तरह पीटा था और कई कार्यकर्ताओं को थाने के भीतर शारीरिक तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया था।
मोल्ला ने यह भी आरोप लगाया था कि जब उन्होंने तत्कालीन विधायक के रूप में इसका विरोध किया, तब मितुन कुमार डे ने उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया और लाठी लेकर उनकी ओर दौड़े। उनके अनुसार, उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी दोनों को अवगत कराया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पूर्व विधायक ने यह भी दावा किया था कि अभिषेक बनर्जी को इन घटनाओं की पूरी जानकारी थी और मितुन कुमार डे कथित रूप से उनके निर्देशों पर ही कार्रवाई कर रहे थे। हालांकि, इन आरोपों पर अभिषेक बनर्जी या मितुन कुमार डे की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

