टीएमसीपी स्थापना दिवस कार्यक्रम को लेकर ममता बनर्जी के खिलाफ एफआईआर
कोलकाता, 29 अगस्त (हि.स.)।
तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (टीएमसीपी) के स्थापना दिवस कार्यक्रम को लेकर कोलकाता पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हेस्टिंग्स थाने में दर्ज प्राथमिकी में अदालत के निर्देशों की अवहेलना, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की, सरकारी काम में बाधा और अदालत द्वारा निर्धारित समय सीमा के बाद भी कार्यक्रम जारी रखने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
ममता बनर्जी के अलावा कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की है।
शुक्रवार को कोलकाता के कैथेड्रल रोड पर टीएमसीपी के स्थापना दिवस के अवसर पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से सभा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम को लेकर कलकत्ता उच्च न्यायालय ने निर्देश दिया था कि सड़क की उत्तरमुखी लेन को यातायात के लिए खुला रखते हुए सभा आयोजित की जाए। हालांकि, पुलिस के अनुसार मौके पर दोनों दिशाओं की लेन बंद पाई गईं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की होने की भी शिकायत सामने आई। इसके अलावा अदालत ने सभा के लिए दोपहर 3 बजे तक की समय सीमा निर्धारित की थी, लेकिन आरोप है कि निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी कार्यक्रम जारी रहा।
इन घटनाओं को आधार बनाकर कोलकाता पुलिस ने ममता बनर्जी और कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज की है।
कैथेड्रल रोड की घटना को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पहले ही ममता बनर्जी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि पूर्व मुख्यमंत्री ने उच्च न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन किया है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस को इस मामले में एफआईआर दर्ज करने का निर्देश भी दिया था। इसके बाद हेस्टिंग्स थाने में ममता बनर्जी और कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

