महिलाओं के अपमान और विवादित टिप्पणी को लेकर फिरहाद हाकिम के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज
कोलकाता, 10 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व नगर विकास मंत्री और कोलकाता के पूर्व मेयर फिरहाद हाकिम के खिलाफ महिलाओं के प्रति कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और धार्मिक उकसावे से जुड़े आरोपों को लेकर बिधाननगर दक्षिण थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता संजय पोयरा ने बुधवार को शिकायत दर्ज कराई है।
संजय पोयरा का आरोप है कि सात वंबर 2024 को संदेशखाली में आयोजित तृणमूल कांग्रेस की एक सभा में फिरहाद हाकिम ने महिलाओं के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की थी। शिकायतकर्ता का दावा है कि उस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की थी। पोयरा ने कहा कि उनके पास उस भाषण का वीडियो फुटेज भी मौजूद है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि तीन जुलाई 2024 को एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान फिरहाद हाकिम ने कथित रूप से धार्मिक भावनाओं को भड़काने और सांप्रदायिक विभाजन पैदा करने वाली टिप्पणियां की थीं।
भाजपा कार्यकर्ता का दावा है कि वर्ष 2024 में इन घटनाओं के बाद वह शिकायत दर्ज कराने के लिए बिधाननगर दक्षिण थाना पहुंचे थे, लेकिन उस समय उनकी शिकायत स्वीकार नहीं की गई थी। उनका आरोप है कि तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों के कारण पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
संजय पोयरा ने कहा कि राज्य में राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव के बाद उन्होंने एक बार फिर थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच करेगी।
उन्होंने कहा कि पहले हमारी शिकायतें नहीं ली जाती थीं, लेकिन अब पुलिस निष्पक्ष तरीके से काम कर रही है। लंबे इंतजार के बाद मैं अपनी शिकायत दर्ज करा सका हूं। मुझे उम्मीद है कि पुलिस इस मामले की निष्पक्ष जांच करेगी और कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करेगी।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की जांच और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की पुष्टि अभी होना बाकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

