डर दिखाकर जमीन का समझौता कराने का आरोप, पूर्व पार्षद बापी घोष के खिलाफ एफआईआर
कोलकाता, 27 अगस्त (हि.स.)। कोलकाता नगर निगम के पूर्व पार्षद बापी घोष पर डर दिखाकर जमीन का समझौता कराने और बाद में तय रकम का भुगतान नहीं करने का आरोप लगा है। मामले में श्यामपुकुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अनिता साव के अनुसार, श्यामपुकुर के गोपीमोहन लेन के पास उनकी जमीन पर फ्लैट निर्माण के लिए वर्ष 2020 में उनके पति से जमीन ली गई थी। आरोप है कि नगर निगम के वार्ड नंबर 7 के तत्कालीन पार्षद बापी घोष और उनके सहयोगी देवब्रत आकुली ने कथित तौर पर डर दिखाकर उनके परिवार को समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया।
शिकायत के मुताबिक, समझौते के तहत निर्माण कार्य पूरा होने के बाद परिवार को एक फ्लैट, एक दुकान और 10.5 लाख रुपये नकद दिए जाने थे। आरोप है कि बाद में फ्लैट और दुकान तो दे दी गई, लेकिन तय नकद राशि परिवार को नहीं दी गई।
अनिता का आरोप है कि जब उन्होंने बकाया रकम की मांग की तो उन्हें कथित तौर पर धमकाया गया। उन्हें चेतावनी दी गई कि इसका परिणाम उनके परिवार को भुगतना पड़ेगा।
हाल ही में अनिता साउ ने इस संबंध में श्यामपुकुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पूर्व पार्षद बापी घोष और उनके सहयोगी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत धोखाधड़ी, जबरन वसूली, धमकी और आपराधिक साजिश के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट प्रकाशित होने तक इन आरोपों पर पूर्व पार्षद बापी घोष की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

