home page

बंगाल चुनाव : दूसरे चरण से पहले अतिरिक्त मतदाता सूची जारी, 1468 नए नाम शामिल

 | 
बंगाल चुनाव : दूसरे चरण से पहले अतिरिक्त मतदाता सूची जारी, 1468 नए नाम शामिल


कोलकाता, 28 अप्रैल (हि.स.)। दूसरे चरण के मतदान से पहले निर्वाचन आयोग ने एक बार फिर अतिरिक्त मतदाता सूची जारी की है। यह कदम भारत का सर्वोच्च न्यायालय के पहले से दिए गए निर्देशों के तहत उठाया गया है। ट्रिब्यूनल में लंबित मामलों के निपटारे के बाद कुल 1468 नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं, जबकि 6 नाम हटाए भी गए हैं।

मंगलवार को जारी इस अतिरिक्त सूची के अनुसार, कोलकाता दक्षिण में 677 और कोलकाता उत्तर में 596 मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। इसके अलावा हावड़ा में 77, नदिया में 39, उत्तर 24 परगना में 34, दक्षिण 24 परगना में 30, पूर्व बर्धमान में 8 और हुगली में 7 नए मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं।

बुधवार को राज्य में दूसरे चरण का मतदान होना है, जिसमें सात जिलों की कुल 142 सीटों पर वोटिंग होगी। नई जारी सूची में जिन मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं, वे भी अब मतदान कर सकेंगे। सामान्य नियम के अनुसार, दूसरे चरण के लिए मतदाता सूची पहले ही “फ्रीज” हो चुकी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, मतदान से दो दिन पहले तक ट्रिब्यूनल जिन आवेदनों का निपटारा करेगा और जिन लोगों को पात्र घोषित करेगा, उन्हें वोट देने की अनुमति होगी।

सूत्रों के अनुसार, सोमवार तक जिन आवेदनों का निपटारा ट्रिब्यूनल में किया गया, उसी के आधार पर यह अतिरिक्त सूची तैयार की गई है। इससे पहले भी पहले चरण के मतदान से पहले आयोग ने अदालत के निर्देश पर एक अतिरिक्त सूची जारी की थी, जिसमें 139 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए थे, जबकि 8 नाम हटाए गए थे।

दरअसल, पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के दौरान 60 लाख से अधिक नामों की जांच की गई थी। कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश द्वारा नियुक्त न्यायिक अधिकारियों ने इन नामों की जांच की, जिसमें कई लोगों को अयोग्य घोषित किया गया था। इसके बाद भारत का सर्वोच्च न्यायालय ने निर्देश दिया था कि ऐसे लोग सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के ट्रिब्यूनल में अपील कर सकते हैं।

28 फरवरी को राज्य की पहली अंतिम मतदाता सूची जारी की गई थी, जिसके बाद से चरणबद्ध तरीके से अतिरिक्त सूचियां प्रकाशित की जा रही हैं। इस बार भी ट्रिब्यूनल में निपटाए गए मामलों के आधार पर नई सूची जारी की गई है। बुधवार को कोलकाता के साथ-साथ उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली, नदिया और पूर्व बर्धमान जिलों में मतदान होना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय