पश्चिम बर्धमान में अंतिम मतदाता सूची जारी, हजारों नाम हटे
बांकुड़ा/वर्धमान, 01 मार्च (हि. स.)। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार निर्वाचन आयोग ने शनिवार को वर्ष 2026 के ‘एसआईआर’ की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी। सूची प्रकाशित होते ही विभिन्न जिलों के बूथों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। किसी ने सूची में अपना नाम देखकर राहत की सांस ली, तो कई लोगों को अपने नाम के सामने ‘विचाराधीन’ (अंडर एडजुडिकेशन) दर्ज मिला, जिससे उनकी मतदाता मान्यता अब न्यायिक निर्णय पर निर्भर हो गई है। वहीं कुछ मतदाताओं के नाम के आगे ‘हटाया गया’ अंकित मिलने से असंतोष भी देखा गया।
पश्चिम बर्धमान जिले की नौ विधानसभा सीटों में प्रारूप सूची की तुलना में लगभग 14 हजार 79 अतिरिक्त नाम हटाए गए। जिले में ‘एसआईआर’ से पूर्व कुल 23 लाख 27 हजार 111 मतदाता पंजीकृत थे। अंतिम सूची में तीन लाख 20 हजार 225 नाम विलोपित किए गए, जबकि 11 हजार 634 नए मतदाता जोड़े गए हैं। सबसे अधिक नाम दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में तीन हजार 828 हटाए गए। इसके बाद दुर्गापुर पूर्व में दो हजार 591, कुलटी में दो हजार 76 और आसनसोल दक्षिण में एक हजार 987 नाम हटे। चित्तरंजन क्षेत्र में भी मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई।
पूर्व बर्धमान जिले के कालना महकमे में पूर्वस्थली उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक एक हजार 750 नाम हटे। इसके अलावा कालना में एक हजार 376, मन्तेश्वर में 996 और पूर्वस्थली दक्षिण में एक हजार 332 नाम विलोपित किए गए।
बांकुड़ा जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 30 लाख 33 हजार 830 थी। प्रारूप सूची में एक लाख 32 हजार 821 नाम हटाए गए थे। अंतिम सूची में अतिरिक्त तीन हजार 378 नाम और विलोपित हुए।
पुरुलिया जिले में मानवाजार (एसटी) सीट पर 15 हजार 711 नाम हटे, जबकि पुरुलिया विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 24 हजार 742 नाम विलोपित किए गए। अन्य क्षेत्रों में भी हजारों की संख्या में नाम हटाए जाने से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं के नाम ‘विचाराधीन’ श्रेणी में हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपना दावा पेश कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

