आम मतदाताओं के बीच मनोरंजन जगत के सितारों की बढ़ रही लोकप्रियता, शताब्दी रॉय ने किया चुनाव प्रचार
बांकुड़ा, 12 अप्रैल (हि. स.)। राजनीतिक नेता-नेत्रियों की तुलना में मनोरंजन जगत के सितारों की लोकप्रियता आम मतदाताओं के बीच चर्चा का विषय बन गया है। राजनीति में आए सिनेमा जगत के सितारे मिथुन चक्रवर्ती, शताब्दी रॉय, देव और सायनी घोष को जिले में चुनावी प्रचार कर रहे हैं। इन सितारों के प्रचार कार्यक्रमों के आसपास उत्सुक लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
जिले में तृणमूल की ओर से अभिनेत्री शताब्दी रॉय ने प्रचार अभियान चलाया। रविवार सुबह इंदास के आकुई-ए दक्षिण पाड़ा से फानरिमोड़ तक रोड शो, कोतुलपुर के नेताजी मोड़ पर जनसभा और कोतुलपुर के ही हेतिया में उनके रोड शो में दर्शकों की भीड़ देखी गई। इससे पहले जिले में अभिनेता देव रोड शो और सभाएं कर चुके हैं, जबकि सायनी घोष भी प्रचार में हिस्सा ले चुकी हैं।
दूसरी ओर भाजपा की ओर से “महागुरु” मिथुन चक्रवर्ती प्रचार के लिए पहुंचे। सिनेमा जगत के इस चर्चित चेहरे को देखने के लिए भी उत्सुक लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शनिवार को बांकुड़ा पहुंचे मिथुन चक्रवर्ती ने टॉलीगंज की राजनीति को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उनके समय में उन्होंने टॉलीगंज में राजनीति को बढ़ावा नहीं दिया था, लेकिन अब ऐसा हो रहा है। वह बड़जोड़ा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार बिलेश्वर सिन्हा के समर्थन में रोड शो करने आए थे और इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यह बात कही।
उल्लेखनीय है कि अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की अकाल मृत्यु के बाद स्टूडियोपाड़ा में भी हलचल मची हुई है। कलाकारों के संयुक्त संगठन आर्टिस्ट फोरम ने अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार का आह्वान किया है और शूटिंग की सुरक्षा को लेकर कलाकारों व तकनीशियनों ने आवाज उठाई है।
इस माहौल में मिथुन चक्रवर्ती को बार-बार टॉलीवुड का मुद्दा उठाते देखा गया। उन्होंने टॉलीवुड में राजनीतिक सिंडिकेट का मुद्दा उठाते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी। वहीं तृणमूल का आरोप है कि चुनाव से पहले मुद्दा बनाने की कोशिश की जा रही है और लोगों की भावनाओं का लाभ उठाने की कोशिश हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

