सामसी में मतदान के दौरान हृदयाघात से महिला मतदाता की मौत
मालदा, 23 अप्रैल (हि.स.)। लोकतंत्र के महापर्व में शामिल होने निकली एक महिला मतदाता की मौत ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। मालतीपुर विधानसभा के कांडारण इलाके में गुरुवार को वोट देने पहुंची प्रमिला बागदी (47) की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। परिवार के अनुसार, प्रमिला बागदी सुबह करीब 11 बजे वोट डालने के उत्साह के साथ घर से निकली थी। कांडारण जूनियर हाई स्कूल स्थित 152 नंबर बूथ पर पहुंचने के बाद, वोट डालने से पहले ही उन्हें अचानक चक्कर आया और वे गिर पड़ी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें इलाज के लिए सामसी अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मृतका के घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। कांग्रेस उम्मीदवार मौसमी बेनजीर नूर और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अब्दुर रहीम बक्सी ने भी शोक व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

