महिला शिक्षिका पर हेडमास्टर को जूते से पीटने का आरोप
कूचबिहार, 16 अप्रैल (हि. स.)। जिले के तुफानगंज-2 ब्लॉक में ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) को लेकर विवाद के बीच बाघाजतिन शिशु शिक्षा केंद्र की प्रधान शिक्षिका आशालता पाल पर पश्चिम फेर्शाबाड़ी प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक अभिजीत शिकदार को जूते से पीटने का आरोप लगा है।
अभिभावकों के अनुसार, बाघाजतिन शिशु शिक्षा केंद्र में पढ़ाई का स्तर काफी खराब है, जिसके कारण सुचित्रा राय नाम की एक अभिभावक अपने बच्चे का दाखिला पास के प्राथमिक विद्यालय में कराना चाहती थी। इसके लिए वे कई दिनों से टीसी मांग रही थी, लेकिन प्रधान शिक्षिका टालमटोल कर रही थी। गुरुवार को जब सुचित्रा राय ने रास्ते में प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक अभिजीत शिकदार को यह बात बताई, तो वे इस मुद्दे पर बातचीत करने शिशु शिक्षा केंद्र पहुंचे।
आरोप है कि वहां पहुंचते ही प्रधान शिक्षिका ने दरवाजा बंद कर उन्हें जूते से पीटना शुरू कर दिया।
घायल प्रधान शिक्षक अभिजीत शिकदार का कहना है कि बिना किसी उकसावे के उनके साथ मारपीट की गई और इस दौरान वीडियो भी बनाया गया।
वहीं, आरोपित शिक्षिका आशालता पाल ने आरोप लगाया कि प्रधान शिक्षक ने स्कूल में घुसकर उनके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। हालांकि, स्थानीय अभिभावकों और ग्रामीणों के एक बड़े वर्ग ने इस आरोप को खारिज कर दिया है।
उनका कहना है कि स्कूल में मिड-डे मील के चावल की चोरी समेत कई अनियमितताएं हो रही है। छात्रों की संख्या कम होने के डर से टीसी देने में बाधा डाली जा रही है।
घटना के बाद गुस्साए अभिभावकों ने शिशु शिक्षा केंद्र में प्रदर्शन किया और शिक्षिका का घेराव किया। सूचना मिलने पर बक्शीरहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस घटना को लेकर इलाके में भारी नाराजगी है। लोगों ने आरोपित शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

