स्कूल में महिला गैर-शिक्षण कर्मचारी से मारपीट का आरोप छात्रों पर, वीडियो वायरल
मालदा, 22 अगस्त (हि.स.)। स्कूल में घुसकर एक महिला गैर-शिक्षण कर्मचारी के साथ छात्रों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला शनिवार को सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, हिन्दुस्थान समाचार वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। पीड़ित महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया कि स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक और कुछ सहायक शिक्षकों के उकसावे पर छात्रों ने उनके साथ मारपीट की है। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने महिला कर्मचारी के आरोपों को खारिज करते हुए उन पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। मालदा के बामनगोला स्थित जगदल हाई स्कूल की इस घटना को लेकर मामला अब थाने तक पहुंच गया है।
महिला करीब डेढ़ साल पहले जगदल हाई स्कूल में गैर-शिक्षण कर्मचारी के तौर पर नियुक्त हुई थी। शुक्रवार को एक पूर्व छात्र को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) देने को लेकर उनके साथ विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान कुछ छात्र-छात्राएं स्टाफ रूम में घुस गए और उनके साथ मारपीट करने लगे।
वायरल वीडियो में मारपीट की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। आरोप है कि महिला कर्मचारी ने भी जवाबी तौर पर कुछ छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट की।
महिला का आरोप है कि स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक अमित हालदार के उकसावे और कथित समर्थन के कारण छात्रों ने उनके साथ मारपीट करने का साहस किया। इस संबंध में उन्होंने बामनगोला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
घटना की भाजपा ने निंदा की है। दक्षिण मालदा भाजपा के महासचिव विश्वजीत राय ने कहा कि स्कूल की महिला कर्मचारी के साथ जिस तरह मारपीट की गई, उसकी पुलिस-प्रशासन को जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि महिला को कथित तौर पर आपत्तिजनक प्रस्ताव दिए जाने का आरोप सामने आया है। साथ ही उन्होंने स्कूल में राजनीति को बर्दाश्त नहीं किए जाने की बात कही।
वहीं, तृणमूल नेता विश्वजीत घोष ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इस घटना का पार्टी से कोई संबंध होने से भी इनकार किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

