सुवर्णरेखा नदी में डूबने से पिता-पुत्र की मौत
मेदिनीपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के दांतन क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में पिता और बेटे की डूबने से मौत हो गई। यह घटना सुवर्णरेखा नदी में स्नान के दौरान हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, दांतन के बड़ा इलाके के निवासी मानस चंद्र (50) अपने नौ वर्षीय बेटे मौसुम चंद्र के साथ घर के पास बहने वाली सुवर्णरेखा नदी में स्नान करने गए थे। काफी देर तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई और उन्होंने खोजबीन शुरू की।
इसी दौरान स्थानीय लोगों से पता चला कि पिता-पुत्र नदी के पानी में डूब गए हैं। खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत नदी किनारे पहुंचकर तलाश शुरू कर दी। कुछ देर बाद पहले बच्चे को और फिर उसके पिता को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर दांतन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खड़गपुर महकमा अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार शनिवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

