दिव्यांग बेटे की गला दबाकर हत्या का आरोप, पिता गिरफ्तार
कोलकाता, 07 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति को अपने दिव्यांग बेटे की गला दबाकर हत्या करने और शव को तालाब किनारे दफनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
शनिवार को पुलिस की ओर से जारी बयान के अनुसार घटना मेमारी थाना क्षेत्र के मंडल ग्राम की है। आरोपित की पहचान सोनालाल मांडी के रूप में हुई है, जिसे शुक्रवार रात गिरफ्तार किया गया।
बताया गया है कि उसका बेटा सूर्य मांडी जन्म से ही दृष्टिहीन था और उसके हाथ-पैर भी सामान्य रूप से काम नहीं करते थे। बच्चे की विशेष स्थिति के कारण परिवार को उसकी देखभाल में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। जन्म के कुछ महीनों बाद ही उसकी मां उसे और उसके पिता को छोड़कर चली गई थी।
कुछ समय तक बच्चा अपनी नानी के पास रहा, लेकिन नानी की मृत्यु के बाद उसकी देखभाल की जिम्मेदारी दादी पर आ गई। पुलिस के मुताबिक इसके बाद से ही आरोपित पिता बच्चे को बोझ मानने लगा था।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि आरोपित ने पहले अपने बेटे को अनाथालय भेजने की भी कोशिश की थी। जब इसमें सफलता नहीं मिली तो उसने हत्या की योजना बना ली।
पुलिस के अनुसार बुधवार को सोनालाल मांडी अपने बेटे को मेमारी के बरापलाशन क्षेत्र स्थित कालदिघी तालाब के किनारे ले गया। वहां उसने बेटे का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को तालाब किनारे दफना दिया।
हालांकि अगले दिन सुबह तालाब का पानी बढ़ने से मिट्टी बह गई और शव बाहर आ गया। स्थानीय लोगों की नजर पड़ने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए बर्धमान मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

