पिकअप वैन और बाइक की टक्कर में युवक की मौत
मेदिनीपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशियाड़ी थाना क्षेत्र के कलाबनी में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिकअप वैन और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक बेलदा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कलाबनी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पिकअप वैन के मुड़ने के समय मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर वैन के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मी और केशियाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। मृतक और घायल युवक की पहचान के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

