फरक्का से शुरू हुआ एनसीसी का विशेष नदी अभियान
पश्चिम बर्दवान, 25 सितंबर (हि. स.)। फरक्का बैराज के लॉकगेट जेटी से शुक्रवार सुबह एनसीसी (राष्ट्रीय कैडेट कोर) का विशेष नदी अभियान ‘हुगली संकल्प–मेनू 2026’ शुरू हुआ। राज्य एनसीसी के एडीजी मेजर जनरल एपीएस चहल ने झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अभियान में पश्चिम बंगाल और सिक्किम के 60 नौसैनिक एनसीसी कैडेट हिस्सा ले रहे हैं। छात्र-छात्राओं का यह दल अगले 20 दिनों में हुगली नदी के रास्ते करीब 410 किलोमीटर की दूरी तय कर कोलकाता पहुंचेगा। अभियान को ‘चलती-फिरती कक्षा’ बताते हुए एडीजी ने कहा कि इस दौरान कैडेट नदी यात्रा के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक और पर्यावरणीय गतिविधियों में भी भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कैडेट सात जिलों में रुककर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम चलाएंगे। अभियान की शुरुआत के मौके पर फरक्का में ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें मित्री माटी ट्रस्ट के सहयोग से 150 पौधे लगाए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

