पश्चिम मेदिनीपुर में विकास की दो पहल, किसानों को प्रशिक्षण और पुल निर्माण की तैयारी
पश्चिम मेदिनीपुर, 25 नवंबर (हि. स.)। मेदिनीपुर जिले में बुधवार को कृषि विकास और आधारभूत संरचना से जुड़ी दो महत्वपूर्ण गतिविधियां हुईं। दांतन-दो प्रखंड में किसानों के लिए प्रशिक्षण शिविर और कृषि उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, वहीं मेदिनीपुर में कंसावती नदी पर प्रस्तावित दूसरे पुल के निर्माण की तैयारियों और कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया।
दांतन-दो प्रखंड में आयोजित कृषि प्रशिक्षण एवं उपकरण वितरण कार्यक्रम में राज्य के कृषि राज्य मंत्री अमिय किस्कू उपस्थित रहे। उनके साथ प्रखंड विकास अधिकारी अभिरूप भट्टाचार्य सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों, उन्नत तकनीक के उपयोग और खेती में उत्पादन बढ़ाने के तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही किसानों के बीच खेती में उपयोग होने वाले विभिन्न उपकरण और कृषि किट वितरित किए गए।
इस पहल का उद्देश्य किसानों की कार्यक्षमता बढ़ाना, उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से परिचित कराना और कृषि उत्पादन में वृद्धि करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। किसानों में इस पहल को लेकर उत्साह देखा गया।
दूसरी ओर, मेदिनीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक शंकर कुमार गुच्छैत ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कंसावती नदी पर प्रस्तावित दूसरे पुल के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुल निर्माण की वर्तमान स्थिति और कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद विधायक ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराने की भी पहल की जा रही है।
विधायक ने उम्मीद जताई कि पुल का निर्माण पूरा होने के बाद मेदिनीपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन की समस्या से काफी राहत मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि कंसावती नदी पर दूसरे पुल के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

