home page

फलता हिंसा पर मुख्यमंत्री का सख्त संदेश, बोले- कोई कानून हाथ में न ले, हमलावरों की संपत्ति भी होगी जब्त

 | 
फलता हिंसा पर मुख्यमंत्री का सख्त संदेश, बोले- कोई कानून हाथ में न ले, हमलावरों की संपत्ति भी होगी जब्त


कोलकाता, 17 जून (हि. स.)। दक्षिण 24 परगना के फलता में हुई हिंसक घटना को लेकर मुख्यमंत्री एवं पुलिस मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि पुलिस, सरकारी कर्मचारियों और अर्धसैनिक बलों पर हमला करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बुधवार को फलता में आयोजित एक जनसभा से उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों की पहचान वीडियो फुटेज में हुई है, उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए। उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक को निर्देश देते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई की जाए जिससे भविष्य में कोई भी पुलिस, सरकारी कर्मचारी या अर्धसैनिक बलों पर हमला करने का साहस न कर सके।

उन्होंने कहा कि केवल जेल भेजना ही पर्याप्त नहीं होगा। हमले में शामिल लोगों की संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी और उन्हें नीलाम किया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य में कानून का शासन स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को फलता में जहांगीर खान की रिहाई की मांग को लेकर स्थानीय लोगों के एक समूह ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन का नेतृत्व जहांगीर खान की पत्नी कर रही थीं। इसी दौरान पुलिस और केंद्रीय बलों के साथ तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई थी।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि घटना के समय वह कार्शियांग में थे और उन्होंने टेलीविजन पर पूरा घटनाक्रम देखा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक माफिया की पत्नी के नेतृत्व में कुछ लोगों ने पुलिस और अर्धसैनिक बलों पर हमला करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि फलता में भी कानून का शासन स्थापित किया गया है और चाहे कोई कितना भी बड़ा माफिया क्यों न हो, भाजपा सरकार उसे सबक सिखाकर रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, जमीन कब्जा और भीड़ के जरिए न्याय करने की प्रवृत्ति को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में न ले, क्योंकि सरकार कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी और किसी दोषी को नहीं छोड़ेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर