home page

फालाकाटा पंचायत में हंगामा : भाजपा –तृणमूल ‘गुप्त समझौते’ के आरोप में बोर्ड गठन टला

 | 
फालाकाटा पंचायत में हंगामा : भाजपा –तृणमूल ‘गुप्त समझौते’ के आरोप में बोर्ड गठन टला


अलीपुरद्वार, 17 जुलाई (हि. स.)। जिले के फालाकाटा-2 नंबर ग्राम पंचायत कार्यालय शुक्रवार को उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने पार्टी के कुछ नेताओं पर तृणमूल कांग्रेस के साथ गुप्त समझौते का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस हंगामे के चलते पंचायत बोर्ड गठन की प्रक्रिया अंततः स्थगित करनी पड़ी।

बताया जा रहा है कि 18 सीटों वाली इस पंचायत में भाजपा के पास केवल तीन सदस्य है। हाल ही में तृणमूल के प्रधान रविकुमार मिंज के इस्तीफे के बाद नए बोर्ड के गठन के लिए शुक्रवार का दिन तय किया गया था। लेकिन सुबह से ही यह खबर फैल गई कि भाजपा के फालाकाटा तीन नंबर मंडल के कुछ नेता तृणमूल के साथ गुप्त बैठक कर ‘सेटिंग’ कर चुके हैं।

आरोप है कि इस कथित समझौते के तहत भाजपा का एक सदस्य प्रधान और तृणमूल का एक सदस्य उपप्रधान बनाया जाना था। जैसे ही यह खबर फैली, सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता पंचायत कार्यालय के सामने इकट्ठा हो गए और संबंधित नेताओं को अंदर जाने से रोक दिया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि तृणमूल के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं है। प्रधान व उपप्रधान दोनों पद भाजपा के ही सदस्यों को मिलने चाहिए। वहीं, इस राजनीतिक तनाव और भाजपा के आंतरिक विवाद के बीच तृणमूल के 15 सदस्य पंचायत कार्यालय पहुंचे ही नहीं। निर्धारित समय तक कोरम पूरा नहीं होने के कारण प्रधान का चुनाव नहीं हो सका और प्रशासन को बोर्ड गठन की प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी।

भाजपा मंडल अध्यक्ष रणजीत मुंडा ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि किसी भी तरह के गुप्त समझौते की जानकारी मुझे नहीं है। तृणमूल के सदस्य ही बैठक में नहीं आए, इसलिए बोर्ड गठन नहीं हो सका है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार