फालाकाटा–अलीपुरद्वार मार्ग पर चरतोरसा डायवर्सन बहा, लोगों की बढ़ी मुश्किलें
अलीपुरद्वार, 28 जून (हि. स.)। मानसून की पहली ही भारी बारिश में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। फालाकाटा–सलसलाबाड़ी निर्माणाधीन हाईवे पर चरतोरसा नदी के डायवर्सन के रविवार सुबह से पानी में डूबने के कारण फालाकाटा–अलीपुरद्वार सड़क संपर्क पूरी तरह बंद हो गया है। पानी बढ़ने से डायवर्सन का एक हिस्सा टूट भी गया, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी है। रविवार सुबह तक किसी तरह वाहनों की आवाजाही जारी थी, उसके बाद तेज जलधारा में डायवर्सन डूब गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की लापरवाही के कारण हर साल बरसात में यही स्थिति पैदा होती है। यहां चरतोरसा नदी पर एक साथ दो पक्के पुलों का निर्माण कार्य चल रहा है। लोगों का कहना है कि बार-बार मांग करने के बावजूद एक पुल को पहले पूरा कर चालू नहीं किया गया, बल्कि दोनों पुलों का काम एक साथ शुरू कर दिया गया। जिससे परियोजना अधर में लटक गई है। इसका खामियाजा हर मानसून में आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। सुबह कई किसान अपनी उपज लेकर फालाकाटा बाजार पहुंचे थे, लेकिन पानी बढ़ने के कारण अब वे वापस घर नहीं जा पा रहे है। कुछ लोग जान जोखिम में डालकर घुटनों तक बहते पानी को पार करने की कोशिश कर रहे है।
स्थानीय लोग जल्द वैकल्पिक व्यवस्था या पुल को चालू करने की मांग कर रहे हैं। मौके पर पुलिस तैनात है, फिर भी आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। बुलडोज़र लाए जाने के बावजूद तेज जलधारा के कारण फिलहाल काम शुरू नहीं हो सका है।
सड़क प्राधिकरण का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जलस्तर कम होते ही डायवर्सन की मरम्मत का काम तेजी से शुरू किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

