सतर्क यात्री और रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से माझेरहाट में फर्जी टिकट परीक्षक पकड़ा गया
कोलकाता, 21 अगस्त (हि. स.)। एक सतर्क यात्री की सूझबूझ और रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से माझेरहाट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर एक कथित फर्जी टिकट परीक्षक (टीई) को पकड़ा गया। आरोपित पर रेलवे टिकट परीक्षक बनकर यात्रियों से अवैध रूप से जुर्माना वसूलने का प्रयास करने का आरोप है।
रेलवे के अनुसार, एक अनधिकृत व्यक्ति ने खुद को ड्यूटी पर तैनात टिकट परीक्षक बताकर स्टेशन परिसर में एक यात्री को रोका और उससे जुर्माने की राशि की मांग की। यात्री को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ और उसने जुर्माने की वैधता को लेकर सवाल किया। इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बहस होते देख माझेरहाट स्टेशन पर ड्यूटी में तैनात रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर मामले की जांच शुरू की। व्यक्ति के व्यवहार और उसके दस्तावेजों पर संदेह होने के बाद स्टेशन कर्मचारियों ने वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों को इसकी जानकारी दी।
पूछताछ और दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान उक्त व्यक्ति वैध रेलवे पहचान-पत्र अथवा कोई आधिकारिक प्राधिकरण प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में उसके कथित तौर पर फर्जी टिकट परीक्षक होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट, बालीगंज को सौंप दिया गया।
रेलवे के मुताबिक, बाद में आईसी/जीआरपीएस, बालीगंज की ओर से सुभजीत बनर्जी (32) के खिलाफ केस संख्या 28/26, दिनांक 20 अगस्त 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजीव सक्सेना ने यात्री की सतर्कता और माझेरहाट के रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि सियालदह मंडल अनधिकृत गतिविधियों और धोखाधड़ी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करता है। उन्होंने यात्रियों से रेलवे कर्मचारियों के आधिकारिक पहचान-पत्र की जांच करने और किसी भी वैध जुर्माने या किराया अंतर की राशि का भुगतान करते समय उचित मनी रसीद लेने की अपील की।
डीआरएम ने यात्रियों से रेलवे परिसर में किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल ड्यूटी पर तैनात रेलवे कर्मचारियों को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यात्री त्वरित सहायता के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

