home page

फर्जी प्रेस कार्ड बांटकर मतदाताओं को प्रभावित कर रही तृणमूल : शुभेंदु अधिकारी

 | 
फर्जी प्रेस कार्ड बांटकर मतदाताओं को प्रभावित कर रही तृणमूल : शुभेंदु अधिकारी


कोलकाता, 17 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और निवर्तमान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं को फर्जी पत्रकार पहचान पत्र जारी कर मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।

शुभेंदु अधिकारी ने एक्स पर जारी संदेश में दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस ने राजनीतिक परामर्श संस्था इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आईपैक) की मदद से अपने कार्यकर्ताओं को फर्जी मीडिया पहचान पत्र उपलब्ध कराए हैं। उनके अनुसार, इन लोगों को पत्रकार बनाकर मतदान केंद्रों और प्रशासनिक परिसरों में प्रवेश दिलाने की योजना बनाई गई है, ताकि मतदाताओं को प्रभावित किया जा सके और चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप किया जा सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों को सुनियोजित ढंग से पत्रकारों के रूप में तैनात किया जा रहा है, जिससे वे पत्रकारों को मिलने वाली सुविधा और छूट का लाभ उठाकर गैरकानूनी गतिविधियां कर सकें।

भारतीय जनता पार्टी नेता ने निर्वाचन आयोग से मांग की कि राज्य में हाल में जारी सभी मीडिया पहचान पत्रों की जांच कराई जाए और केवल मान्यता प्राप्त संस्थानों के अधिकृत पत्रकारों को ही मतदान केंद्रों के आसपास जाने की अनुमति दी जाए।

उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाया था। तृणमूल का कहना था कि भारतीय जनता पार्टी “मातृशक्ति भरोसा कार्ड” योजना के नाम पर महिलाओं को आर्थिक सहायता का वादा करते हुए मतदान से ठीक पहले विभिन्न क्षेत्रों में प्रपत्र वितरित कर रही है। पार्टी ने इसे मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास बताते हुए निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की मांग की थी।

समाचार लिखे जाने तक तृणमूल कांग्रेस की ओर से शुभेंदु अधिकारी के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय