माथाभांगा कोर्ट में फर्जी वकील बनकर घूम रहा था आठवीं पास युवक पकड़ा गया
कूचबिहार, 28 अगस्त (हि. स.)। खुद को कलकत्ता हाईकोर्ट का वकील बताकर माथाभांगा अदालत परिसर में घूमने और लोगों से कथित तौर पर ठगी करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर पड़ने के बाद माथाभांगा महकमा बार एसोसिएशन के सदस्यों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपित की पहचान आबेद अली के रूप में हुई है।
बार एसोसिएशन के अनुसार, आबेद अली पिछले कुछ दिनों से अदालत परिसर में घूम रहा था और खुद को वकील बताकर लोगों से बातचीत करता था। शक होने पर कुछ अधिवक्ताओं ने उसे बुलाकर पूछताछ की। जवाबों में कई विसंगतियां मिलने के बाद वह वहां से भागकर माथाभांगा थाने में छिपने की कोशिश करने लगा। हालांकि, अधिवक्ताओं ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की तलाशी में उसके पास से कई संदिग्ध पहचान पत्र और विजिटिंग कार्ड मिले है। एक विजिटिंग कार्ड पर बीएससी एलएलबी और ‘कलकत्ता हाईकोर्ट के अधिवक्ता’ लिखा हुआ था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बरामद दस्तावेज असली हैं या फर्जी और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाता था।
पुलिस के सामने आबेद अली ने दावा किया कि उसने सिर्फ आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की है और पिछले पांच महीनों से अदालत में लॉ क्लर्क के तौर पर काम कर रहा था। विजिटिंग कार्ड पर हाईकोर्ट का वकील लिखे होने को उसने कथित तौर पर “गलती” बताया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। माथाभांगा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कौशिक भद्र ने लोगों से किसी भी व्यक्ति को वकील मानने से पहले उसकी पहचान और दस्तावेजों की जांच करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

