पूर्व विधायक शौकत मोल्ला की शैक्षणिक योग्यता पर सवाल, भाजपा ने दर्ज कराई शिकायत
कोलकाता, 14 जुलाई (हि. स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा विस्फोट मामले में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला के खिलाफ भाजपा ने अब उनकी शैक्षणिक योग्यता को लेकर नया आरोप लगाया है।
भाजपा का दावा है कि उन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग को दिए गए शपथपत्र में गलत जानकारी दी और उनकी डिग्रियां फर्जी हो सकती हैं। इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
शौकत मोल्ला कैनिंग पूर्व विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक हैं। 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें तृणमूल नेतृत्व ने भांगड़ का पर्यवेक्षक बनाया था और बाद में वहीं से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया। अपने चुनावी हलफनामे में उन्होंने स्वयं को राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर (एमए) बताया और दावा किया कि उन्होंने राजस्थान के सिंघानिया विश्वविद्यालय से यह डिग्री प्राप्त की है।
दक्षिण 24 परगना जिले के भाजपा नेता अभिजीत दास ने आरोप लगाया कि शौकत मोल्ला की शैक्षणिक योग्यता पूरी तरह संदिग्ध है। उनका कहना है कि विधायक रहते हुए राजस्थान में नियमित पाठ्यक्रम के माध्यम से पढ़ाई करना संभव नहीं था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अलग-अलग चुनावों में शौकत मोल्ला ने अपनी शैक्षणिक योग्यता को लेकर अलग-अलग दावे किए हैं।
भाजपा ने जीवनतला थाना तथा बारुईपुर पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में शिकायत दर्ज कर मामले की जांच की मांग की है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि शौकत मोल्ला किसी अंतरराज्यीय फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्र गिरोह से जुड़े हो सकते हैं और इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए।
भाजपा नेताओं का कहना है कि पुलिस अधीक्षक ने वरिष्ठ अधिकारी से मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव से पहले भांगड़ में हुए विस्फोट मामले में शौकत मोल्ला का नाम सामने आया था। इसी मामले में एनआईए ने उन्हें जून महीने में गिरफ्तार किया था। हालांकि, इन आरोपों पर शौकत मोल्ला की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

