home page

अंतरराज्यीय फर्जी प्रमाणपत्र रैकेट चलाने का आरोप, अभिषेक बनर्जी समेत सात लोगों के खिलाफ शिकायत

 | 
अंतरराज्यीय फर्जी प्रमाणपत्र रैकेट चलाने का आरोप, अभिषेक बनर्जी समेत सात लोगों के खिलाफ शिकायत


कोलकाता, 17 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता अभिजीत दास उर्फ बॉबी ने शुक्रवार को डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी समेत सात लोगों के खिलाफ अंतरराज्यीय फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्र रैकेट चलाने का आरोप लगाते हुए दक्षिण 24 परगना के जीवनतला थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में अभिषेक बनर्जी के अलावा तृणमूल नेता शौकत मोल्ला, अभिषेक के करीबी सहयोगी सुमित राय और अयन घोष दस्तिदार समेत कुल सात लोगों के नाम शामिल हैं।

अभिजीत दास ने दावा किया कि शौकत मोल्ला की शैक्षणिक योग्यता को लेकर गंभीर विसंगतियां हैं। उनका आरोप है कि चुनावी हलफनामों में समय-समय पर उनकी शैक्षणिक योग्यता बदलती रही है और प्रस्तुत किए गए प्रमाणपत्र अन्य राज्यों के संस्थानों के नाम पर जारी बताए गए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिन पाठ्यक्रमों को नियमित (रेगुलर) बताया गया है, उन्हें पूरा करना परिस्थितियों के अनुसार संभव नहीं था। इसी आधार पर उन्होंने पूरे मामले को एक संगठित फर्जी प्रमाणपत्र रैकेट का हिस्सा बताया।

भाजपा नेता के अनुसार, उन्होंने मामले की जांच के बाद अभिषेक बनर्जी समेत सात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि जीवनतला थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है।

उल्लेखनीय है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों पर अभिषेक बनर्जी या अन्य नामजद व्यक्तियों की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस ने भी मामले में किसी गिरफ्तारी या प्राथमिकी दर्ज किए जाने की पुष्टि नहीं की है। जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय