दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्री भीड़ के लिए चार ट्रेनों में बढ़ाए अतिरिक्त डिब्बे
खड़गपुर, 04 सितंबर (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे ने अतिरिक्त यात्री भीड़ को देखते हुए पांच से 11 सितंबर तक विभिन्न ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त डिब्बे जोड़ने का निर्णय लिया है। रेलवे के अनुसार, यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यह व्यवस्था की गई है। शुक्रवार शाम रेलवे द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई सूचना के अनुसार, हावड़ा-पुरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12837) में पांच से 11 सितंबर तक एक शयनयान श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा जोड़ा जाएगा। यह व्यवस्था हावड़ा से पुरी के बीच लागू रहेगी।
शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनस कुर्ता एक्सप्रेस (18030) में पांच, छह, नौ और 11 सितंबर को एक वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा लगाया जाएगा। वहीं, 10 सितंबर को इस ट्रेन में एक अतिरिक्त शयनयान श्रेणी का डिब्बा भी जोड़ा जाएगा। यह व्यवस्था शालीमार से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच होगी।
शालीमार-पुरी एक्सप्रेस (18039) में छह सितंबर को एक अतिरिक्त शयनयान श्रेणी का डिब्बा लगाया जाएगा। इसके अलावा संतरागाछी-येलहंका साप्ताहिक वातानुकूलित एक्सप्रेस (18063) में 10 सितंबर को एक अतिरिक्त वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का डिब्बा जोड़ा जाएगा।
रेलवे द्वारा बताया गया कि अतिरिक्त डिब्बों की यह अस्थायी व्यवस्था यात्रियों की बढ़ी हुई मांग को देखते हुए की गई है, जिससे अधिक यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

