विधायक का नाम लेकर ट्रकों से 51 हजार रुपये की वसूली का आरोप, चार गिरफ्तार
मालदा, 13 नवंबर (हि. स.)। बंगाल-बिहार सीमा पर देर रात मालवाहक ट्रकों को रोककर कथित तौर पर हथियार दिखाकर वसूली करने के आरोप शुक्रवार को सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर थाना अंतर्गत भालुका पुलिस चौकी के पायखाना मोड़ इलाके की है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बिहार सीमा से सटे इलाके में गुरुवार देर रात मालवाहक ट्रकों को रोककर हथियार के बल पर रुपये वसूले जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना भालुका पुलिस चौकी को दी। इसके बाद चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उमर फारूक, रुबेल आलम, मोहम्मद जयनुल और शोएब अख्तर के रूप में हुई है। सभी हरिश्चंद्रपुर-2 ब्लॉक के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।
ट्रक चालकों का आरोप है कि आरोपित खुद को स्थानीय विधायक मतिबुर रहमान का करीबी बताकर उनसे 51 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। रुपये नहीं देने पर ट्रक आगे नहीं जाने देने की धमकी भी दी गई। इस संबंध में चालकों ने भालुका पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के विधायक मतिबुर रहमान ने शुक्रवार को वसूली के आरोपों को खारिज किया है। उनका दावा है कि बिहार के दिल्ली दीवानगंज से भालुका तक फूलहर नदी के किनारे बांध की सड़क काफी कमजोर है, जिसके कारण इस रास्ते से भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है। इसके बावजूद रात के अंधेरे में भारी वाहन प्रवेश कर रहे थे और ट्रकों के जरिए शराब की तस्करी की जा रही थी।
विधायक के अनुसार, इसी अवैध गतिविधि को रोकने के लिए उन्होंने अपने समर्थकों को निगरानी की जिम्मेदारी दी थी, लेकिन पुलिस ने उनके समर्थकों के खिलाफ ही कार्रवाई कर दी।
घटना को लेकर स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा नेता देवाशीष पासवान का आरोप है कि पिछले कई दिनों से बांध की सड़क पर रात के समय मालवाहक ट्रकों को रोककर वसूली की जा रही थी और इसके पीछे तृणमूल का हाथ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए ऐसा नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
इधर, हरिश्चंद्रपुर पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपितों को अदालत में रिमांड पर लिया जाएगा। पूरे मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

