हावड़ा में वसूली के आरोप में पुलिसकर्मी और यूट्यूब ब्लॉगर गिरफ्तार
हावड़ा, 29 नवंबर (हि. स.)। जिले में एक कारोबारी से कथित तौर पर 30 हजार रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने एक सिविक वॉलंटियर और एक यूट्यूब ब्लॉगर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम तन्मय घोष और अनिर्बान घोष हैं। तन्मय घोष जगाछा थाने में सिविक वॉलंटियर के पद पर तैनात था, जबकि अनिर्बान घोष 'तलाश बार्ता' नामक यूट्यूब चैनल से जुड़ा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर को जगाछा थाना क्षेत्र के निवासी एक कारोबारी ने दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता रामतला स्टेशन के पास एक गैरेज चलाता है। उसका आरोप है कि दोनों आरोपितों ने रेलवे की जमीन पर गैरेज होने की बात को लेकर उसे डराया-धमकाया और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देकर 30 हजार रुपये की मांग की।
कारोबारी ने पुलिस को बताया कि वह आरोपितों को पहले ही 25 हजार रुपये दे चुका था। इसमें 20 हजार रुपये नकद और पांच हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से दिए गए थे। इसके बावजूद उससे और रुपये की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद जगाछा थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

