दिनहाटा एवं सिताई में तृणमूल नेताओं का पलायन
कूचबिहार, 07 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में भाजपा के जीत के बाद दिनहाटा-सिताई इलाके से बड़ी राजनीतिक हलचल की खबर गुरुवार को सामने आई है। राज्य में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद कई स्थानीय नेता इलाके छोड़कर चले गए हैं या छिप गए है।
सूत्रों के मुताबिक, दिनहाटा के प्रभावशाली नेता उदयन गुहा और उनके बेटे सायंतन गुहा चुनाव परिणाम के बाद रातों-रात क्षेत्र छोड़कर चले गए। बताया जा रहा है कि पहले बेटे ने और फिर देर रात उदयन गुहा ने भी दिनहाटा छोड़ दिया।
इसी तरह कई अन्य नेता और उनके करीबी भी इलाके से गायब बताए जा रहे हैं। कुछ नेताओं पर पहले विपक्ष को धमकी देने के आरोप भी लगे थे, जिसके कारण अब माहौल बदलते ही वे खुद असुरक्षित महसूस कर रहे है।
वहीं, सिताई क्षेत्र में भी स्थिति कुछ ऐसी ही है।
सांसद जगदीश चंद्र बसुनिया और विधायक संगीता राय के भी क्षेत्र छोड़ने की खबर है। उनके करीबी सहयोगी भी नजर नहीं आ रहे है। हालांकि, कुछ नेताओं का दावा है कि वे इलाके में ही है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आ रहे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सत्ता बदलने के बाद स्थानीय स्तर पर तनाव और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है, जिसके चलते यह स्थिति पैदा हुई है। फिलहाल, पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चा तेज है और हालात पर सभी की नजर बनी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

