home page

पूर्व तृणमूल विधायक के घर के पास गोदाम से सरकारी राहत सामग्री बरामद, इलाके में तनाव

 | 
पूर्व तृणमूल विधायक के घर के पास गोदाम से सरकारी राहत सामग्री बरामद, इलाके में तनाव


पश्चिम बर्दवान, 05 जून (हि. स.)। जिले के अंडाल के बांकोला इलाके में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना को लेकर भारी तनाव फैल गया। आरोप है कि पांडवेश्वर के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के आवास के समीप स्थित एक गोदाम से बड़ी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री बरामद की गई है।

स्थानीय आक्रोशित निवासियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं की मौजूदगी में गोदाम का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया गया। आरोप है कि वहां भारी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री जमा कर रखी गई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम से गरीब लोगों के लिए आवंटित साड़ियां, विभिन्न प्रकार के कपड़े, मच्छरदानियां तथा सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं की यूनिफॉर्म बरामद हुई हैं।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, गोदाम के एक कमरे से बड़ी संख्या में कंडोम के पैकेट भी मिले हैं। निवासियों का आरोप है कि लंबे समय से इन सरकारी सामग्रियों को वहां जमा करके रखा जाता था और बाद में अन्य स्थानों पर भेज दिया जाता था। घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव बढ़ गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और बरामद सामग्री के स्रोत तथा उसके उपयोग को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

इस घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में भी तीखी बहस शुरू हो गई है। भाजपा ने मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग की है। हालांकि आरोपों को लेकर अब तक पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती या तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

सूत्रों का कहना है कि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सत्यता और बरामद सामग्री के वास्तविक स्रोत के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा