दुल्हन की विदाई समय पूर्व पति ने शादी समारोह में चलायी गोली, एक घायल
कोलकाता, 11 मई (हि.स.)।
पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल थाना क्षेत्र के सिदुली बेजपाड़ा में रविवार को एक शादी समारोह उस समय दहशत में बदल गया, जब दुल्हन के पूर्व पति ने कथित तौर पर अपने साथियों के साथ पहुंचकर गोलीबारी कर दी। इस घटना में दुल्हन के चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दुर्गापुर महकमा अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, खांदरा पंचायत अंतर्गत सिदुली बेजपाड़ा में माम्पी बेज की दूसरी शादी का समारोह चल रहा था। दोपहर के समय भोज और शादी की रस्में पूरी होने के बाद विदाई की तैयारी चल रही थी। तभी अचानक दुल्हन का पूर्व पति शिवा बेज अपने कुछ साथियों के साथ चारपहिया वाहन से वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने शादी समारोह में पहुंचते ही हंगामा शुरू कर दिया और विरोध करने पर फायरिंग कर दी।
गोली दुल्हन के चाचा सरबल बेज उर्फ शिव बेज की कमर में जा लगी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
दुल्हन के पिता ने बताया कि करीब चार साल पहले उनकी बेटी की शादी दुर्गापुर के कुरुलिया डांगा निवासी शिवा बेज के साथ हुई थी। शादी के बाद उन्हें पता चला कि शिवा की पहले से ही तीन पत्नियां हैं, जिसकी जानकारी उसने छुपाई थी। आरोप है कि वह शराब के नशे में उनकी बेटी के साथ मारपीट और अत्याचार करता था। यहां तक कि एक बार उसने उनकी बेटी को जलाने की भी कोशिश की थी। पति की प्रताड़ना से परेशान होकर उनकी बेटी करीब दो साल पहले मायके लौट आई थी और तभी से अपने पिता के घर रह रही थी। इसके बाद परिवार ने उसकी दूसरी शादी तय की थी।
परिवार का आरोप है कि अपनी पूर्व पत्नी की दूसरी शादी से नाराज होकर शिवा बेज ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही अंडाल थाना, बनबहाल फांड़ी और सीआईडी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस इलाके में छापेमारी कर फरार आरोपी और उसके साथियों की तलाश कर रही है। वहीं इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

