home page

पूर्व राज्यपाल तथागत राय ने तस्लीमा नसरीन को भेंट की अपनी पुस्तक भारत केसरी युगपुरुष श्यामा प्रसाद

 | 
पूर्व राज्यपाल तथागत राय ने तस्लीमा नसरीन को भेंट की अपनी पुस्तक भारत केसरी युगपुरुष श्यामा प्रसाद


कोलकाता, 02 अगस्त (हि. स.)। त्रिपुरा के पूर्व राज्यपाल तथागत राय ने अपनी किताब भारत केसरी युगपुरुष श्यामा प्रसाद की एक प्रति सुप्रसिद्ध लेखिका तस्लीमा नसरीन को भेंट की।

तथागत राय ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने अपनी पुस्तक भारतकेशरी युगपुरुष श्यामा प्रसाद की एक प्रति तस्लीमा नसरीन को भेंट की। उन्होंने इसकी तस्वीर भी अपने सोशल मीडिया पोस्ट के साथ साझा की।

अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि 19 साल बाद तस्लीमा नसरीन कोलकाता लौटी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें तत्कालीन वाम मोर्चा (माकपा) सरकार के शासनकाल में केवल मुस्लिम वोट बैंक को खुश करने के लिए कोलकाता छोड़ने पर मजबूर किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में ममता बनर्जी ने भी उसी कारण उनके लिए कोलकाता के दरवाजे बंद रखे।

तथागत राय ने लिखा कि कोलकाता लौटने पर रवींद्र सदन में तस्लीमा नसरीन का जिस तरह स्वागत हुआ, उससे वह अभिभूत हो गईं। उन्होंने कहा कि लोगों का उत्साह और भावनाएं भी देखने लायक थीं। शाम साढ़े पांच बजे से रात नौ बजे तक चले कार्यक्रम में उनका सम्मान किया गया। इस दौरान उन्होंने भाषण दिया, कविता पाठ किया और गीत-संगीत का भी आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने पूरे कार्यक्रम को मंत्रमुग्ध होकर देखा और सुना।

तथागत राय ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि कार्यक्रम के दौरान एक समय ऐसा आया जब तस्लीमा नसरीन ने प्रसिद्ध कवि जॉय गोस्वामी को मंच पर आने के लिए आमंत्रित किया। इस पर दर्शकों के एक वर्ग ने आपत्ति जताते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। उन्होंने लिखा कि इस घटना के लिए उन लोगों को पूरी तरह दोष नहीं दिया जा सकता, क्योंकि उनके अनुसार जॉय गोस्वामी नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ खड़े हुए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा