अवैध वसूली और छेड़छाड़ के आरोप में कोलकाता नगर निगम के पूर्व पार्षद गिरफ्तार
कोलकाता, 27 जून (हि.स.)।
अवैध वसूली और महिला से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने कोलकाता नगर निगम के पूर्व पार्षद तारकेश्वर चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया है। तारकेश्वर चक्रवर्ती पहले कोलकाता नगर निगम के 104 नंबर वार्ड के पार्षद रह चुके हैं। इसके अलावा वह निगम के 11 नंबर बोरो के अध्यक्ष पद पर भी रह चुके हैं। पुलिस ने शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तारकेश्वर चक्रवर्ती के खिलाफ सर्वे पार्क थाने में दो प्राथमिकी दर्ज हैं। वह गड़फा-संतोषपुर क्षेत्र के कालीकुमार मजूमदार रोड के निवासी हैं। पहली प्राथमिकी में उन पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा अवैध रूप से काम में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, महिला को निर्वस्त्र करने की कोशिश, धमकी देने, चोरी तथा जबरन घर में प्रवेश करने जैसी गंभीर धाराएं भी लगाई गई हैं।
दूसरी प्राथमिकी में उनके खिलाफ तोलाबाजी का आरोप दर्ज किया गया है। राज्य में विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता परिवर्तन होने के बाद विभिन्न नगर निकायों में लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में कई पूर्व पार्षदों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें अधिकांश पर तोलाबाजी और दबाव बनाकर वसूली करने के आरोप हैं। अब इस सूची में 104 नंबर वार्ड के पूर्व पार्षद तारकेश्वर चक्रवर्ती का नाम भी जुड़ गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

