home page

पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की पत्नी मीरा भट्टाचार्य को मिली अस्पताल से छुट्टी

 | 
पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की पत्नी मीरा भट्टाचार्य को मिली अस्पताल से छुट्टी


कोलकाता, 25 अगस्त (हि. स.)। पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की पत्नी मीरा भट्टाचार्य को मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें पिछले शुक्रवार को वुडलैंड्स मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उनकी शारीरिक स्थिति स्थिर बताई गई, जिसके बाद मंगलवार शाम उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

अस्पताल से बाहर निकलने के बाद मीरा भट्टाचार्य ने कहा कि अब वह ठीक हैं। चिकित्सकों ने उन्हें समय पर भोजन करने और नियमित रूप से खान-पान का ध्यान रखने की सलाह दी है।

मीरा भट्टाचार्य के इलाज के लिए अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक बहु-विषयक चिकित्सा टीम गठित की गई थी। इसमें हृदय रोग विशेषज्ञ प्रोफेसर सरोज मंडल, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. शाश्वत चटर्जी और एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. सेमंती चक्रवर्ती शामिल थे। शनिवार सुबह उनके कई चिकित्सकीय परीक्षण किए गए थे और उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया था।

इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी शनिवार को अस्पताल पहुंचकर मीरा भट्टाचार्य से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। चिकित्सकों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों के उपचार के बाद उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।

मीरा भट्टाचार्य के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य को लेकर कई तरह की अफवाहें भी सामने आई थीं। इन खबरों को लेकर उनके और बुद्धदेव भट्टाचार्य के बेटे सुचेतन भट्टाचार्य ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी।

गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पहले बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन के बाद मीरा भट्टाचार्य बालीगंज के पाम एवेन्यू स्थित अपने आवास में रह रही थीं। उनके इकलौते बेटे सुचेतन लंबे समय से अलग रहते हैं। सत्तर वर्ष से अधिक उम्र की मीरा भट्टाचार्य पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से उन्हें काफी खांसी के साथ सांस लेने में परेशानी और पेट में दर्द की शिकायत थी। गुरुवार को उनकी तबीयत ज्यादा खराब महसूस हुई, जिसके बाद शुक्रवार को वुडलैंड्स अस्पताल से संपर्क कर उन्हें वहां ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा