ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र के लिए चार हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप, राजस्व निरीक्षक रंगेहाथ पकड़ा गया
कोलकाता, 29 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एंटी करप्शन ब्रांच) ने गुरुवार को पूर्व बर्दवान जिले के आउसग्राम स्थित बीएलएंडएलआरओ कार्यालय में तैनात एक राजस्व निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निरोधक शाखा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) प्रमाणपत्र जारी करने के एवज में संबंधित अधिकारी पर चार हजार रुपये की अवैध रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने 29 अक्टूबर 2026 को शाम करीब चार बजे जाल बिछाकर कार्रवाई की। इस दौरान आरोपित अधिकारी को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया।
पश्चिम बंगाल भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने दोहराया कि सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए उसकी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष कुमार

