पूर्व रेलवे ने आरआरबी परीक्षा अभ्यर्थियों के लिए टाटानगर–रामपुर बाज़ार के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की
कॉली, 03 अगस्त (हि. स.)। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) द्वारा आयोजित परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए टाटानगर और रामपुर बाज़ार (मालदा टाउन होकर) के बीच विशेष परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।
पूर्व रेलवे की ओर से सोमवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गाड़ी संख्या 08181 टाटानगर–रामपुर बाज़ार परीक्षा स्पेशल तीन से छह अगस्त और नौ से 14 अगस्त, 2026 (कुल 10 फेरे) को टाटानगर से शाम 7:30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 9:30 बजे रामपुर बाज़ार पहुंचेगी।
इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 08182 रामपुर बाज़ार–टाटानगर परीक्षा स्पेशल चार से सात और 10 से 15 अगस्त, 2026 (कुल 10 फेरे) को रामपुर बाज़ार से सुबह 10:00 बजे रवाना होगी तथा अगले दिन रात 12:45 बजे टाटानगर पहुंचेगी।
पूर्व रेलवे के अधिकार क्षेत्र में यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में डानकुनी, बर्द्धमान, बोलपुर शांतिनिकेतन, रामपुरहाट, पाकुड़, न्यू फरक्का और मालदा टाउन स्टेशनों पर ठहरेगी।
पूर्व रेलवे ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी (जनरल सेकेंड क्लास) तथा स्लीपर श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस विशेष ट्रेन के लिए बुकिंग की तिथि की घोषणा शीघ्र की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

