home page

‘लिफाफा’ चुनाव चिह्न को लेकर नौशाद सिद्दीकी पहुंचे कलकत्ता हाई कोर्ट

 | 
‘लिफाफा’ चुनाव चिह्न को लेकर नौशाद सिद्दीकी पहुंचे कलकत्ता हाई कोर्ट


कोलकाता, 21 सितंबर (हि. स.)। ऋतव्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले नए दल का नाम लोकतांत्रिक तृणमूल कांग्रेस (डेमोक्रेटिक टीएमसी) रखा गया है और चुनाव आयोग ने उसे ‘लिफाफा’ चुनाव चिह्न आवंटित किया है। इसी चुनाव चिह्न को लेकर विवाद शुरू हो गया है। इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के विधायक नौशाद सिद्दीकी ने सोमवार को इस मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया।

भांगड़ से विधायक नौशाद सिद्दीकी ने चुनाव चिह्न को लेकर पहले ही चुनाव आयोग को पत्र भेजकर आपत्ति जताई थी। उनका कहना है कि आईएसएफ ने विधानसभा चुनाव से पहले मार्च में नियमों के अनुसार ‘लिफाफा’ चुनाव चिह्न आयोग के पास दर्ज कराया था। ऐसे में ऋतव्रत बनर्जी के नए दल को वही चुनाव चिह्न आवंटित किए जाने पर उन्होंने सवाल उठाया है।

नौशाद ने सवाल किया कि जो दल पहले अस्तित्व में ही नहीं था, वह अचानक मान्यता प्राप्त दल कैसे बन गया। उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा चुनाव चिह्न आवंटित करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाया है। नौशाद का कहना है कि इसी वजह से उन्होंने आयोग को लिखित शिकायत दी है और अब न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।

नौशाद ने कहा कि चुनाव में जितना अधिक मुकाबला होगा और लोगों के सामने जितने अधिक विकल्प होंगे, लोकतांत्रिक प्रक्रिया उतनी ही मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि चुनाव चिह्न को लेकर इस तरह का खेल नहीं होना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि आगामी छह अक्टूबर को नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। चुनाव से ठीक पहले ‘लिफाफा’ चुनाव चिह्न को लेकर विवाद सामने आने से आईएसएफ के लिए स्थिति महत्वपूर्ण हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता