आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रा से मारपीट के बाद हिंसा, स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश का आरोप
पश्चिम बर्दवान, 06 अगस्त (हि.स.)। आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज में गुरुवार को एक छात्रा से कथित मारपीट के पुराने विवाद को लेकर दो छात्र गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले छात्र रुद्र सिंह पर एक छात्रा के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था। उस समय अन्य छात्रों ने इसका विरोध किया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई थी। हालांकि उस दिन मामला शांत हो गया था, लेकिन छात्रों में नाराजगी बनी रही। गुरुवार को छात्रों का आरोप है कि रुद्र सिंह दो काली स्कॉर्पियो गाड़ियों में कई बाहरी लोगों को लेकर कॉलेज परिसर पहुंचा। विरोध शुरू होते ही कथित तौर पर गाड़ियों से छात्रों को कुचलने की कोशिश की गई, जिससे कैंपस में भगदड़ मच गई। घटना से आक्रोशित छात्रों ने एक स्कॉर्पियो में जमकर तोड़फोड़ कर दी, जबकि दूसरी गाड़ी लेकर आरोपित वहां से फरार हो गया।
कॉलेज के छात्र आर्यन सिंह ने कहा है कि क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो से एक राइफल भी बरामद हुई। उनका कहना है कि यह लाइसेंसी हथियार या एयर गन हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी हथियार की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना पाकर भाजपा नेता शुभाशीष दास और एबीवीपी के कार्यकर्ता भी कॉलेज पहुंचे। बढ़ते तनाव को देखते हुए आसनसोल उत्तर थाने ने पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
कॉलेज प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित छात्र रुद्र सिंह को निलंबित कर दिया है। साथ ही उसके अभिभावकों को कॉलेज में तलब किया गया है। मामले की जांच जारी है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कॉलेज परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने, छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। राइफल मिलने के दावे समेत सभी आरोपों की जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

