ईएम बाइपास पर चलती कार में लगी आग, बाल-बाल बचे चालक और यात्री
कोलकाता , 04 अक्टूबर (हि. स.)। कोलकाता के व्यस्त ईएम बाइपास पर रविवार सुबह चलती कार में अचानक आग लगने से अफ़रा-तफ़री मच गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार, चिंगड़ीहाटा और साइंस सिटी के बीच मेट्रोपॉलिटन मोड़ के पास साइंस सिटी की ओर जा रही चारपहिया कार के इंजन से अचानक धुआं निकलने की वजह से लगा। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई। सड़क पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों ने कार से निकलती लपटों को देखकर तुरंत मौके पर पहुंचकर चालक और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना प्रगति मैदान थाने की पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना पाकर दमकल की एक गाड़ी और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल और पुलिस की तत्परता से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया।
रविवार सुबह सड़क पर वाहनों का दबाव अपेक्षाकृत कम होने के कारण यातायात पर काफी असर नहीं पड़ा। प्रारंभिक तौर पर इंजन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

