home page

सिलीगुड़ी में बड़ा वित्तीय घोटाला, प्राइमरी स्कूल काउंसिल के खाते से करोड़ों की हेराफेरी

 | 
सिलीगुड़ी में बड़ा वित्तीय घोटाला, प्राइमरी स्कूल काउंसिल के खाते से करोड़ों की हेराफेरी


सिलीगुड़ी, 01 जुलाई (हि.स.)। सिलीगुड़ी से एक चौंकाने वाला वित्तीय घोटाला बुधवार को सामने आया है, जहां सिलीगुड़ी प्राइमरी स्कूल काउंसिल के सरकारी बैंक खाते से करीब एक करोड़ 17 लाख रुपये की हेराफेरी की गई है। इस मामले में चेकबुक जालसाजी के जरिए रकम निकालने के आरोप में पुलिस ने अल्पना सरकार नामक एक युवती को गिरफ्तार कर चार दिन की रिमांड पर लिया है। आरोपित युवती सिलीगुड़ी के श्रवणनगर इलाके की रहने वाली है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गबन की गई रकम में से 17 लाख रुपये सीधे अल्पना सरकार के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। हालांकि, इस पूरे घोटाले का मुख्य आरोपित काउंसिल का पेंशन क्लर्क रंजन दत्त फिलहाल फरार है।

मामले की जांच में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 9 अप्रैल 2024 को एक पब्लिकेशन के नाम पर 14,240 रुपये का एक चेक (नंबर: 936976) जारी किया गया था, लेकिन बैंक स्टेटमेंट की जांच में पता चला कि उसी चेक के जरिए 9,14,240 रुपये नकद निकाल लिए गए। असली भुगतान करने के बाद बाकी रकम को दो अज्ञात महिलाओं के खातों में ट्रांसफर कर दिया गया। पिछले एक साल में इस तरह के कुल 12 ट्रांजैक्शन के जरिए एक करोड़ 17 लाख रुपये की हेराफेरी की गई। मामले का खुलासा तब हुआ जब पिछले महीने पांच तारीख को काउंसिल के कंट्रोलर ऑफ फाइनेंस और डीडीओ ने एक रिपोर्ट पेश की। इसमें सरकारी बैंक स्टेटमेंट और पर्सनल डिपॉजिट अकाउंट के बीच भारी अंतर पाया गया। इसके बाद छह तारीख को काउंसिल के चेयरमैन दिलीप कुमार राय ने सिलीगुड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराया। चूंकि चेकबुक संभालने और बैंक में चेक जमा करने की पूरी जिम्मेदारी पेंशन क्लर्क रंजन दत्त पर थी इसलिए इस घोटाले का मुख्य आरोपित वही माना जा रहा है। शिकायत दर्ज होते ही रंजन दत्त फरार हो गया।

पुलिस ने बैंक ट्रांजैक्शन के आधार पर सोमवार रात श्रवणनगर इलाके से अल्पना सरकार को गिरफ्तार किया। हालांकि, काउंसिल से किसी भी तरह का संबंध न होने के बावजूद उसके खाते में 17 लाख रुपये कैसे पहुंचे, इस पर सवाल खड़े हो रहे है। अल्पना सरकार और फरार क्लर्क रंजन दत्त के बीच क्या संबंध है और इस घोटाले में और कौन-कौन शामिल हैं, इसकी जांच जारी है। मंगलवार को आरोपित को सिलीगुड़ी सब-डिविजनल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस फरार रंजन दत्त की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार