एलियट पार्क की प्राकृतिक छटा आमजन के लिए फिर से हुई सुलभ
कोलकाता, 06 अगस्त (हि.स.)। कोलकाता नगर निगम ने एलियट पार्क की प्राकृतिक सुंदरता आम लोगों के लिए खोल दी है। गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक्स पर एलियट पार्क के पहले और वर्तमान स्वरूप की तस्वीरें साझा करते हुए इसकी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैदान स्थित एलियट पार्क की प्राकृतिक सुंदरता, हरियाली और मनोहारी दृश्य को अब तक चौरंगी रोड की ओर टीन की घेराबंदी कर पूरी तरह आम लोगों की नजरों से ओझल रखा गया था। उनका कहना है कि ऐसा इसलिए किया गया था ताकि वहां पूर्ववर्ती सरकार की माननीयों के भ्रमण के समय आम लोगों की दृष्टि उस ओर न पड़े।
उन्होंने कहा कि अब एलियट पार्क की प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली का मनोहारी दृश्य एक बार फिर आम जनता के लिए उपलब्ध हो गया है।
मुख्यमंत्री ने टीना की घेराबंदी हटाकर एलियट पार्क की सुंदरता का दृश्य पुनः जनसामान्य के उपभोग के लिए उपलब्ध कराने पर कोलकाता नगर निगम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता की संपत्ति जनता के लिए ही खुली रहनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

