home page

जंगल में हाथियों पर जलता हुला फेंकने का आरोप, वन विभाग करेगा जांच

 | 
जंगल में हाथियों पर जलता हुला फेंकने का आरोप, वन विभाग करेगा जांच


मेदिनीपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के जंगल में हाथियों को खदेड़ने के दौरान उन पर जलती हुई मशाल (हुला) फेंकने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद इसकी तीखी आलोचना हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

जानकारी के अनुसार, पश्चिम मेदिनीपुर जिले के जंगलमहल क्षेत्र में इन दिनों हाथियों के झुंड की आवाजाही बनी हुई है। एक ओर कालीपूजा का आयोजन हो रहा है, वहीं दूसरी ओर जंगलमहल में बांधना पर्व मनाया जा रहा है। हाथियों की आवाजाही के कारण ग्रामीणों को सतर्कता के बीच पर्व मनाना पड़ रहा है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश करने से रोकने के लिए निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए हुला पार्टी को भी लगाया गया है। इसी बीच मेदिनीपुर सदर प्रखंड के आउसाबांदी गांव के जंगल में हुला पार्टी के सदस्यों पर हाथियों की ओर जलती हुई मशालें फेंकने का आरोप लगा है।

मिली जानकारी अनुसार सोमवार देर शाम हाथियों का एक झुंड भादुतला रेंज के गड़माल से चांदड़ा रेंज के शुकनाखाली जंगल की ओर जा रहा था। इसी दौरान हाथियों को आबादी से दूर गहरे जंगल की ओर ले जाने के लिए हुला पार्टी के सदस्य वहां मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान हाथियों को निशाना बनाकर एक के बाद एक कई जलती हुई मशालें फेंकी गईं। इनमें से कुछ मशालें हाथियों के शरीर पर भी जा गिरीं।

घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद वन्यजीवों के प्रति इस तरह के व्यवहार पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

मेदिनीपुर के वन प्रभागीय अधिकारी (डीएफओ) स्टीफन जस्टिन ने कहा कि इस तरह की घटना किसी भी परिस्थिति में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि जलती हुई मशालें किसने फेंकी थीं। जांच के बाद उचित कदम उठाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता