हाथी के हमले से वृद्धा की मौत
झाड़ग्राम, 12 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले के नयाग्राम में जंगल से शाल के पत्ते लेने गई एक वृद्धा की हाथी के हमले में मौत हो गई। मृतका की पहचान विनता पात्र (76) के रूप में हुई है। वह नयाग्राम के भालुकचुआ गांव की रहने वाली थीं। घटना बुधवार शाम केशवरखा रेंज के बालिगेड़िया बीट अंतर्गत भालुकचुआ जंगल में हुई।
जानकारी के अनुसार, इन दिनों जंगलमहल क्षेत्र में बांदना पर्व मनाया जा रहा है। यह पर्व मुख्य रूप से कुड़मी और आदिवासी समुदाय के लोग मनाते हैं। इस अवसर पर घरों में विभिन्न प्रकार के पीठे (पारंपरिक पकवान) बनाने की परंपरा है। इन्हें बनाने के लिए कई लोग शाल के पत्तों का इस्तेमाल करते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विनता पात्र बुधवार दोपहर पीठे बनाने के लिए शाल के पत्ते इकट्ठा करने जंगल गई थीं। इसी दौरान अचानक उनका सामना एक हाथी से हो गया। हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। शाम को घटना की सूचना पाकर स्थानीय लोग वन विभाग की सहायता से उन्हें नयाग्राम सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बुधवार देर शाम खड़गपुर वन विभाग के एक अधिकारी से संपर्क करने पर मिली जानकारी अनुसार, फिलहाल इस वन मंडल क्षेत्र में अलग-अलग समूहों में कुल 112 हाथी घूम रहे हैं। सुवर्णरेखा नदी के दक्षिणी हिस्से में नयाग्राम, चांदाबिला और केशवरखा रेंज में करीब 40 हाथियों की मौजूदगी है। वन विभाग ने बताया कि सोमवार को 47 हाथियों के एक झुंड को नयाग्राम से खदेड़कर ओडिशा वापस भेजा गया था। हालांकि, बुधवार तड़के ओडिशा की ओर से 18 हाथियों का एक नया झुंड केशवरखा रेंज के बालिगेड़िया बीट में प्रवेश कर गया। इसी झुंड के हमले में वृद्धा की मौत हुई।
गुरुवार सुबह फोन पर वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सरकारी नियमों के अनुसार मृतका के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा। क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

