home page

वोट के बाद हिंसा मामले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, शेख शाहजहां के करीबी कादेर मोल्ला समेत दस गिरफ्तार

 | 
वोट के बाद हिंसा मामले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, शेख शाहजहां के करीबी कादेर मोल्ला समेत दस गिरफ्तार


कोलकाता, 27 मई (हि.स.)।2019 के लोकसभा चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में हुई राजनीतिक हिंसा और तीन भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने संदेशखाली के कुख्यात शाहजहां शेख के करीबी कादेर मोल्ला समेत दस लोगों को गिरफ्तार किया है।

सीबीआई सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से जुटाए गए साक्ष्य, गवाहों के बयान और स्थानीय स्तर पर मिली सूचनाओं के आधार पर यह गिरफ्तारी अभियान चलाया गया। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर मामले से जुड़ी और जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।

मामला आठ जून 2019 का है। आरोप है कि लोकसभा चुनाव के बाद नजाट थाना इलाके में राजनीतिक झड़प हुई थी। उसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता प्रदीप मंडल, सुकांत मंडल और देवदास मंडल को गोली मारने के बाद धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा था। बताया गया कि विवाद पार्टी का झंडा हटाने को लेकर शुरू हुआ था।

घटना की शुरुआती जांच राज्य की सीआईडी ने की थी। बाद में दाखिल चार्जशीट से आरोपित शेख शाहजहां समेत 28 लोगों के नाम हटा दिए गए थे। इसके बाद मृत भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों ने कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दायर कर सीबीआई जांच की मांग की थी।

हाई कोर्ट के निर्देश के बाद केंद्रीय एजेंसी ने मामले की जांच अपने हाथ में ली। अब इस मामले में 10 लोगों की गिरफ्तारी को जांच में अहम प्रगति माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर