home page

बारुईपुर में चुनाव प्रचार के दौरान ई-रिक्शा पर हमले का आरोप, तनाव

 | 

बारूईपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में जारी विधानसभा चुनाव के बीच राजनीतिक माहौल गरमाता जा रहा है। दो चरणों में हो रहे चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार को संपन्न हो चुका है, जबकि दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल, शुक्रवार को मतदान होना है। इसी क्रम में दूसरे चरण से एक सप्ताह पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारुईपुर दौरे से पहले क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया है कि बारुईपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में उनके चुनाव प्रचार के दौरान इस्तेमाल किए जा रहे एक ई-रिक्शा पर हमला किया गया। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने इन आरोपों को खारिज किया है।

भाजपा के अनुसार, गुरुवार को बारुईपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के कल्याणपुर ग्राम पंचायत इलाके में प्रचार किया जा रहा था। इसके लिए स्थानीय ई-रिक्शा चालक अजय हालदार की गाड़ी किराए पर ली गई थी। आरोप है कि कल्याणपुर के चाकरबेड़िया इलाके के पास टीएमसी के स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने चालक को प्रचार करने से रोका। भाजपा का दावा है कि अजय हालदार के साथ मारपीट की गई, उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई और प्रचार सामग्री जैसे फ्लेक्स और बैनर फाड़ दिए गए।

घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के बारुईपुर पश्चिम से उम्मीदवार विश्वजीत पाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के वर्तमान विधायक का जनता से कोई जुड़ाव नहीं है और वे अलोकतांत्रिक रवैया अपनाते हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। भाजपा ने इस संबंध में बारुईपुर थाने में शिकायत दर्ज कराने की भी बात कही है।

वहीं, इन आरोपों को खारिज करते हुए कल्याणपुर ग्राम पंचायत के प्रधान सुरजीत पुरकायत ने कहा कि इस घटना में तृणमूल कांग्रेस की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने आंतरिक विवादों को छिपाने के लिए टीएमसी पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। उनका कहना है कि पुलिस जांच के बाद सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी।

फिलहाल, इस घटना को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक तनाव बना हुआ है और मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय