home page

सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत

 | 

जलपाईगुड़ी, 21 मई (हि.स.)। जिले के राजगंज ब्लॉक में एक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है। घटना बुधवार रात सिलीगुड़ी –आमबाड़ी राज्य सड़क के गोकुलभिटा इलाके में हुई है। मृतका की पहचान अल्पी राय के रूप में हुई है, जो राजगंज ब्लॉक के पेलकाभिटा गांव की निवासी थी।

परिवार के मुताबिक, वह दो दिन पहले अपनी बेटी के घर गई थीं और बुधवार रात टोटो से अपने घर लौट रही थी।बताया जा रहा है कि टोटो से उतरने के बाद ही तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपित बाइक चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि अल्पी राय के सिर में गंभीर चोट आई। सूचना मिलने पर भोरेर आलो थाने और कैनाल रोड ट्रैफिक आउटपोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची।

गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तुरंत एंबुलेंस से उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात बाइक और चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही पूरे मामले की जांच भी जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार